देहरादून: ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में 21 फरवरी को हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

पुलिस के अनुसार, घटना के दिन विधायक उमेश शर्मा काउ अपने समर्थकों के साथ वार्ता के लिए कार्यालय पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और कुछ लोगों ने कार्यालय परिसर में कुर्सियां व अन्य सामान फेंककर तोड़फोड़ की। इस दौरान सरकारी कार्य प्रभावित हुआ और कुछ कर्मचारियों को चोटें आईं।
निदेशक की तहरीर पर पुलिस ने लोक सेवक के कार्य में बाधा, बलवा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आपराधिक धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जांच के बाद जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें शामिल हैं:
-
अरविंद पुण्डीर उर्फ कल्ली (हिस्ट्रीशीटर), निवासी नूनरखेड़ा
-
लक्ष्मण नवानी, निवासी शिवलोक कॉलोनी, लाडपुर
-
राकेश थपलियाल, निवासी तपोवन रोड, लाडपुर
-
अक्षय राणा, निवासी सौंधोवाली
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी थाना रायपुर क्षेत्र के निवासी हैं। चारों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
