देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले में लालतप्पड़ पुलिस चौकी पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार के अवरोधक से टकराने की घटना में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को मामले की जानकारी दी।

बताया गया कि मध्यरात्रि के बाद चौकी के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने तेज गति से आ रही कार को रुकने का संकेत दिया। लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और कार अवरोधक से जा भिड़ी। टक्कर की चपेट में आकर उप निरीक्षक रघुवीर कपरवाण और अपर उप निरीक्षक मनोज कुमार घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय चालक तरुण कथित रूप से नशे की अवस्था में वाहन चला रहा था। उसे घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अधिकारियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
