देहरादून: सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों के साथ हाल में हुई घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अहम कदम उठाया है। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर कार्मिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) शीघ्र तैयार की जाए।

सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में भेंट कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित अन्य मामलों पर चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने डीजीपी को निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं और किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही देहरादून के एसएसपी को शिक्षा निदेशालय प्रकरण में शामिल दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, मोर्चा अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सरकार के इस निर्णय को कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
