काठमांडू: नेपाल के धादिंग जिला में सोमवार तड़के पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस पृथ्वी राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी। हादसे में 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। बस में लगभग 40–45 लोग सवार थे, जिनमें कुछ विदेशी पर्यटक भी शामिल बताए गए हैं।

हादसा कैसे हुआ?
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार बेनीघाट रोरांग-5 के भैसेपाटी इलाके के पास बस अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई। वाहन करीब 300 मीटर नीचे ढलान से फिसलते हुए नदी किनारे जा गिरा। दुर्घटना के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोने या सड़क की खराब स्थिति की जताई जा रही है।
मृतकों और घायलों का विवरण
मृतकों में छह महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। घायलों की संख्या 25 से 27 के बीच बताई जा रही है, जिनमें आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की शामिल है। सभी घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रात में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
दुर्घटना देर रात होने से बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। अंधेरे और नदी के तेज बहाव के बीच घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
