नैनीताल। उत्तराखंड में जिला न्यायालयों को मिल रही बम धमकियों का दायरा अब Uttarakhand High Court तक पहुंच गया है। गुरुवार को धमकी भरा ई-मेल प्राप्त होने के बाद हाईकोर्ट परिसर को एहतियातन खाली कराया गया और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
![]()
बताया जा रहा है कि मुख्य न्यायाधीश को भेजे गए ई-मेल में हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
इसी बीच Nainital District Court को भी लगातार तीसरे दिन धमकी मिली है। गुरुवार को एक बार फिर ई-मेल के माध्यम से अदालत परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई, जिससे न्यायिक और प्रशासनिक अमले में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, तीन दिनों में अलग-अलग तरीकों से धमकियां दी गईं—पहले दिन न्यायाधीशों की कुर्सियों में बम लगाने, दूसरे दिन मानव बम से हमला करने और तीसरे दिन ड्रोन के जरिए विस्फोट की चेतावनी दी गई।

लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए अधिवक्ताओं ने न्यायालय आने वाले वादकारियों, वकीलों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक धमकी भेजने वालों का पता नहीं चलता, सुरक्षा के मद्देनजर कड़े कदम उठाए जाने चाहिए।
फिलहाल जिला न्यायालय में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और प्रवेश से पहले सभी की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। हाईकोर्ट में भी सुरक्षा जांच को सख्त किया गया है और सुनवाई के लिए आने वाले लोगों की गहन तलाशी ली जा रही है।

प्रशासन ने कहा है कि ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है और मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं।