नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने अप्रैल 2026 में रिक्त हो रही राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। ये चुनाव महाराष्ट्र, तमिलनाडु, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में कराए जाएंगे।

आयोग के अनुसार सीटों का राज्यवार ब्योरा इस प्रकार है— महाराष्ट्र (7), तमिलनाडु (6), बिहार (5), पश्चिम बंगाल (5), ओडिशा (4), असम (3), तेलंगाना (2), छत्तीसगढ़ (2), हरियाणा (2) और हिमाचल प्रदेश (1)।
चुनाव कार्यक्रम
-
अधिसूचना जारी होगी: 26 फरवरी 2026
-
नामांकन की अंतिम तिथि: 5 मार्च 2026
-
नामांकन पत्रों की जांच: 6 मार्च 2026
-
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 मार्च 2026
-
मतदान: 16 मार्च 2026 (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)
-
मतगणना: 16 मार्च 2026 (शाम 5 बजे से)
-
पूरी प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक संपन्न होगी
किन-किन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त
तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी और के.आर. सुरेश रेड्डी 9 अप्रैल को सेवानिवृत्त होंगे। असम से रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कलिता और अजीत कुमार भुइयां का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है।
तमिलनाडु से एन.आर. एलंगो, पी. सेल्वारासु, एम. थंबीदुरई, तिरुचि शिवा, डॉ. कनिमोझी एनवीएन सोमू और जी.के. वासन 2 अप्रैल को रिटायर होंगे।
महाराष्ट्र से डॉ. भगवत कराड, डॉ. फौजिया खान, प्रियंका चतुर्वेदी, शरद पवार, धैर्यशील पाटिल, रजनी पाटिल और रामदास आठवले का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इसके अलावा अन्य राज्यों के कई सांसद भी अप्रैल में उच्च सदन से विदा होंगे।
आयोग के दिशा-निर्देश
निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि मतदान के दौरान मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही उपयोग किया जाएगा। किसी अन्य पेन का इस्तेमाल अमान्य माना जाएगा।
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
इन चुनावों के नतीजे संसद के उच्च सदन में दलों की संख्या संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
