काशीपुर, उधम सिंह नगर: बीते दिन खनन सामग्री से लदे ट्रक ने बाइक सवार एक व्यक्ति को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया।

स्थिति की जानकारी मिलने पर पुलिस फोर्स तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। इसी दौरान नेता विपक्ष यशपाल आर्य भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ धरने में शामिल होकर प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
कई घंटों तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने ओवरलोड खनन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ और नेता विपक्ष ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढस बंधाया। उन्होंने कहा कि पिछले सात दिनों में पांच मौतें हुई हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन पर माफिया गठजोड़ और खनन कारोबार में सरकार की शह का आरोप भी लगाया।
घटना के दौरान गुस्साए लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। नेता विपक्ष ने चेतावनी दी कि ऐसी लापरवाही और अपराधियों से सांठगांठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।