रुद्रपुर: उत्तराखंड परिवहन निगम के रोडवेज कर्मचारियों का वेतन भुगतान न होने को लेकर असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। रुद्रपुर में कर्मचारियों ने दूसरे दिन भी एक घंटे का कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया और सरकार व निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो 14 फरवरी से पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

सोमवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद (कार्यशाला) के मंडलीय मंत्री दिनेश कुमार के नेतृत्व में कर्मचारी कार्यशाला परिसर में एकत्र हुए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बांह में काला फीता बांधकर शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया।
मंडलीय मंत्री दिनेश कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को दिसंबर और जनवरी माह का वेतन अब तक नहीं दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते एक वर्ष से वेतन का भुगतान समय पर नहीं हो रहा है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि 12 फरवरी तक प्रतिदिन एक घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। 13 फरवरी को मंडलीय प्रबंधक के कार्यालय में धरना दिया जाएगा और इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 14 फरवरी से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद (ट्रैफिक शाखा) के अध्यक्ष भगवान दास ने कहा कि प्रदेश सरकार की उदासीनता के कारण रोडवेज की स्थिति बेहद खराब हो गई है। समय पर वेतन न मिलना इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार रोडवेज को लगातार नजरअंदाज कर रही है। न तो डिपो में पर्याप्त बसें उपलब्ध हैं और न ही बसों के रखरखाव के लिए जरूरी कलपुर्जे दिए जा रहे हैं।
इस मौके पर शाखा मंत्री राजेश कुमार, योगेश आर्या, तनवीर अहमद, चंदन मंडल, राजीव रस्तोगी, सुनील रस्तोगी, सुजीत कुमार, मुर्तजा अली, आसिफ हुसैन समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।
