रुद्रपुर में सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय बजट को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में किसान, युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग और वैज्ञानिक समुदाय के हितों को प्राथमिकता दी गई है।

रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में सांसद भट्ट ने कहा कि भारत तेजी से आर्थिक प्रगति कर रहा है और वर्तमान में विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश शीघ्र ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा हासिल करेगा। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना राज्य के लिए ऐतिहासिक साबित होने जा रही है और इसके लिए हर बजट में लगातार वित्तीय प्रावधान किया जा रहा है। साथ ही खटीमा–किच्छा रेल लाइन के निर्माण को लेकर भी सरकार गंभीर है और आने वाले समय में इस पर काम शुरू होगा। उड़ान योजना के तहत प्रदेश के और क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ा जाएगा, जबकि मोनो ट्रेन जैसी आधुनिक परिवहन व्यवस्था की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के जरिए हिमालयी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके लिए हिमालयी राज्यों के 1954 गांवों को चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हिमालयी क्षेत्र के 1700 से अधिक गांव खाली हो चुके हैं, जिन्हें पुनः आबाद करने की दिशा में सरकार प्रयासरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत 100 से अधिक देशों को इलेक्ट्रिक वाहनों की आपूर्ति कर रहा है, जिससे देश में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। बैठक में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व मेयर रामपाल सहित कई भाजपा नेता उपस्थित रहे।
