देहरादून: मारपीट के विरोध में विकासनगर पुलिस चौकी पर प्रदर्शन, मामला दर्ज
देहरादून। उत्तराखंड के विकासनगर में कश्मीरी शॉल बेचने आए दो युवकों के साथ मारपीट की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। दोनों युवक कश्मीर से आए थे और फेरी लगाकर शॉल व अन्य सर्दी के कपड़े बेचने का कार्य कर रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक डाकपत्थर रोड स्थित एक जनरल स्टोर पर खरीदारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान दुकान मालिक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। पीड़ितों का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ धार्मिक टिप्पणियां की गईं और विरोध करने पर उन पर जानलेवा हमला किया गया।
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सिर में गहरी चोट आने के कारण उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर दून अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग विकासनगर बाजार चौकी पर एकत्र हो गए। मुस्लिम समाज के लोगों ने चौकी का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाए जाने के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।
विकासनगर कोतवाली के एसएसआई शिशुपाल राणा ने बताया कि पीड़ित दानिश की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी संजय यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पीड़ितों के परिजनों का कहना है कि वे हर वर्ष सर्दियों के मौसम में उत्तराखंड आकर कश्मीरी कपड़े बेचते हैं और वर्षों से यहां शांतिपूर्वक व्यवसाय कर रहे हैं।
इस घटना पर जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन के प्रवक्ता नासिर खुएहामी ने कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती हैं और दोषियों के खिलाफ उदाहरणात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी दिसंबर 2025 में उधम सिंह नगर के काशीपुर क्षेत्र में एक कश्मीरी शॉल विक्रेता के साथ मारपीट का मामला सामने आया था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की थी।
