उत्तराखंड: फर्जी हमले का खुलासा, किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे ने खुद रची साजिश, पिता ने भावुक होकर मांगी माफी
रुद्रपुर: पूर्व कैबिनेट मंत्री और किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। विधायक तिलक राज बेहड़ ने स्वयं मीडिया के सामने आकर बताया कि उनके बेटे सौरभ राज बेहड़ ने ही अपने ऊपर हमले की साजिश रची थी। इस पूरे घटनाक्रम में सौरभ का साथ उसके पार्षद मित्र इंद्र ने दिया। सच्चाई सामने आने के बाद विधायक ने सार्वजनिक रूप से समाज, पार्टी और जनता से माफी मांगी है।

प्रेस वार्ता के दौरान तिलक राज बेहड़ ने कहा कि उन्हें रात से ही मामले को लेकर संदेह हो गया था और सुबह होते-होते पूरी तस्वीर साफ हो गई। उन्होंने बताया कि सौरभ ने अपने दोस्त इंद्र के साथ मिलकर खुद पर हमला करवाने की योजना बनाई थी। इंद्र का परिवार भी सुबह उनसे मिलने पहुंचा, जिसके बाद पूरे प्रकरण की पुष्टि हुई।
तिलक राज बेहड़ ने कहा कि यदि समय रहते इस साजिश की जानकारी उन्हें या परिवार के अन्य सदस्यों को मिल जाती, तो यह स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने स्वीकार किया कि इस घटना से उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को गहरा नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने कहा, “मेरे बेटे ने जो किया, उसके लिए मैं पूरे समाज, अपनी पार्टी और सभी शुभचिंतकों से माफी चाहता हूं, चाहे वे किसी भी दल से हों।”
विधायक ने यह भी कहा कि पुलिस जांच के दौरान जिन लोगों से संदेह के आधार पर पूछताछ की गई, उनके परिवारों से भी वे क्षमा प्रार्थी हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी नेतृत्व तक ने उन्हें सहानुभूति दिखाई थी, लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि मामला इस तरह सामने आएगा।
उन्होंने आगे बताया कि सौरभ के अपनी पत्नी के साथ कुछ घरेलू विवाद चल रहे थे। यदि उसने इस बारे में उनसे बातचीत की होती, तो कोई समाधान निकाला जा सकता था। उन्होंने कहा कि शादी के बाद ही सौरभ को अलग कर दिया गया था और उसका हक भी पहले ही दे दिया गया था।
भावुक होते हुए तिलक राज बेहड़ ने कहा कि सौरभ ने उन्हें किडनी दान की थी, जिस कारण उनके बीच भावनात्मक जुड़ाव था। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बाद वे उससे अपने सभी संबंध समाप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “उसने मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है। यह कृत्य माफी योग्य नहीं है।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि उनके साथ ऐसा क्यों हुआ।
उन्होंने कहा, “शायद मेरे किसी कर्म की सजा मुझे मिल रही है। मैं ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता, बस माफी मांगता हूं और पुलिस का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने सच्चाई सामने लाई।”
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सौरभ बेहड़ ने दावा किया था कि तीन नकाबपोश बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला किया, जिसके बाद उसे रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। हालांकि पुलिस जांच में सामने आई सच्चाई ने पूरे मामले को पलट कर रख दिया और आम लोग भी हैरान रह गए हैं।
