ऋषिकेश: चारधाम यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी के तहत ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा से जुड़े सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे कर रहे हैं, जबकि गढ़वाल के आईजी राजीव स्वरूप भी बैठक में मौजूद हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य चारधाम यात्रा के यात्रा प्रबंधन और नियंत्रण संगठन की समीक्षा और आगामी व्यवस्थाओं पर चर्चा करना है।
गढ़वाल कमिश्नर ने अधिकारियों से सवाल-जवाब के माध्यम से व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और यात्रा के दौरान सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा काल में सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
आईजी गढ़वाल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रबंधों को पूरी तरह लागू किया जाएगा। बैठक में गढ़वाल मंडल के जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं, जो यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना पर चर्चा कर रहे हैं।
यह बैठक चारधाम यात्रा 2026 के सुरक्षा, सुविधा और प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
