रुद्रपुर। विदेश में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के साथ धोखाधड़ी का एक और गंभीर मामला सामने आया है। दुबई में फंसे चार युवकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा जाहिर की, जिसके बाद उधमसिंह नगर पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जुगेश और लल्लन प्रसाद, निवासी खटीमा (उधमसिंह नगर) तथा विशाल शर्मा और रंजीत सिंह, निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश) ने आरोप लगाया कि खटीमा और रुद्रपुर के दो एजेंटों ने उन्हें दुबई में ‘पानी की बोतल पैकिंग’ का काम दिलाने का लालच देकर विदेश भेजा। इस दौरान एजेंटों ने युवकों से भारी रकम भी वसूल ली।
पीड़ितों का कहना है कि दुबई पहुंचते ही उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए और उन्हें अत्यधिक गर्मी व असहनीय हालात में काम करने के लिए मजबूर किया गया। जब युवकों ने इस शोषण का विरोध किया, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं, जिससे वे डर और असहाय स्थिति में फंस गए।
वीडियो सामने आते ही एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले का संज्ञान लिया और खटीमा कोतवाली पुलिस को जांच सौंप दी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के रामपुर पुलिस को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई है, ताकि एजेंटों की पहचान और कार्रवाई में समन्वय किया जा सके।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पीड़ित युवकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्हें दुबई भेजने वाले एजेंट कौन हैं। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुबई में फंसे युवकों को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
