देहरादून/हरिद्वार: अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर देहरादून में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान सामने आए एक वायरल वीडियो पर भारतीय जनता पार्टी ने औपचारिक रूप से अपनी स्थिति स्पष्ट की है। खुद को भाजपा की मंडल अध्यक्ष बताकर सरकार और पार्टी के खिलाफ बयान देने वाली महिला मधु नौटियाल को भाजपा ने अपना सदस्य मानने से साफ इनकार किया है। पार्टी ने इसे कांग्रेस द्वारा फैलाया गया दुष्प्रचार बताया है।

भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही महिला न तो कभी भाजपा की पदाधिकारी रही है और न ही पार्टी की सक्रिय सदस्य है। भाजपा का कहना है कि इस वीडियो के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
रविवार को राजधानी देहरादून में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन हुआ था, जिसमें कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के लोग शामिल हुए। इसी दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक महिला ने अपना नाम मधु नौटियाल बताते हुए दावा किया कि वह हरिद्वार से आई भाजपा मंडल अध्यक्ष है और न्याय न मिलने से आहत होकर उसने भाजपा से इस्तीफा देने का फैसला किया है। वीडियो में महिला ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे।
वीडियो के वायरल होते ही राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। इसके बाद भाजपा ने आधिकारिक बयान जारी कर महिला के पार्टी से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया।
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि वायरल वीडियो में दिख रही महिला का भारतीय जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल कांग्रेस योजनाबद्ध तरीके से फेक नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता इस साजिश को भली-भांति समझ रही है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेश बंसल ने कहा कि यह मामला संवेदनशील है और लोगों की भावनाएं इससे जुड़ी हुई हैं, लेकिन तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे सच्चाई सामने आएगी, दुष्प्रचार का भी पर्दाफाश होगा।
वहीं, हरिद्वार भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने भी स्पष्ट किया कि मधु नौटियाल कभी भाजपा की पदाधिकारी नहीं रही हैं और न ही वर्तमान में पार्टी की सदस्य हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह झूठे दावों के जरिए फर्जी नैरेटिव खड़ा कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
