मथुरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत रविवार सुबह तेलंगाना सुपरफास्ट ट्रेन से मथुरा पहुंचे। उनके सात दिवसीय प्रवास के दौरान वृंदावन स्थित केशव धाम में 5 से 7 जनवरी तक संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें वे संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्रचारकों और कुछ मंत्रियों को संबोधित करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027, संगठन की रणनीति और अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद 8 से 10 जनवरी तक मोहन भागवत संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों से अलग-अलग मुलाकात करेंगे और संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
आरएसएस प्रमुख के आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस टीम ने रविवार को ही केशव धाम में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
मथुरा जंक्शन पर संघ पदाधिकारियों ने मोहन भागवत का स्वागत किया और काफिला उन्हें वृंदावन के लिए रवाना कर दिया। बैठक गोपनीय रखी जाएगी और मीडिया को इसमें प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस दौरान संगठनात्मक समीक्षा और आगामी चुनावों से संबंधित रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
