नैनीताल: उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं के बीच नैनीताल से एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। तल्लीताल क्षेत्र के फांसी गदेरा में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे तीन मजदूरों को कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि कार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, हरि नगर निवासी बिहारी लाल, पप्पू और राजेश लाल पेंटिंग का काम करने के लिए राजभवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस जा रहे थे। इसी दौरान चढ़ाई वाले मार्ग पर तेज गति से आ रही कार ने तीनों को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद भी चालक नहीं रुका और तीनों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
हादसे में तीनों मजदूर वाहन के नीचे फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तीनों का इलाज जारी है, जिनमें से बिहारी लाल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन चालक के पुलिसकर्मी होने की जानकारी सामने आ रही है। चालक और उसके साथी की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।
सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
