नैनीताल में लंबे इंतजार के बाद मंगलवार रात विंटर कार्निवाल का रंगारंग शुभारंभ हुआ। करीब सात वर्षों बाद दोबारा शुरू हुए इस भव्य आयोजन ने शहर में उत्सव का माहौल बना दिया। स्टार नाइट में बॉलीवुड सिंगर चारू सेमवाल और पंजाबी गायक परमिश वर्मा की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं का उत्साह इतना बढ़ा कि कुछ समय के लिए व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

विंटर कार्निवाल की शुरुआत सरस्वती वंदना और कुमाऊं की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा ‘राजुला मालूशाही’ की सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट और विशिष्ट अतिथि विधायक सरिता आर्या उपस्थित रहीं। मंच संचालन हेमंत बिष्ट, नवीन पांडे, मीनाक्षी और कीर्ति ने किया।

स्टार नाइट में गायिका वैशाली ने माही वे, आज की रात मजा हुस्न का, मैं तेरी दिल्लगी और अभी तो पार्टी शुरू हुई है जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को ऊर्जावान बना दिया। वहीं मिश्रा ने तू जो छू ले प्यार से जैसे गीत गाकर खूब वाहवाही लूटी। इसके बाद बॉलीवुड सिंगर चारू सेमवाल ने कजरा मोहब्बत वाला, लगा जा गले, रात बाकी बात बाकी, तम्मा तम्मा, बीड़ी जलइले समेत कई हिट गानों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

इसके बाद मंच पर आए पंजाबी सुपरस्टार परमिश वर्मा ने जाट कर, तेरी या गद्दियां, गाल नी कडनी, सारे आम गल्ला और बदनाम नाम जाट जैसे सुपरहिट गीतों से युवाओं में जोश भर दिया। उनके गानों पर दर्शकों ने जमकर ठुमके लगाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विंटर कार्निवाल का आयोजन किया गया है। विधायक सरिता आर्या ने जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की सराहना की। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि कोरोना के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस कार्निवाल को पुनः शुरू किया गया है और नैनीताल का मौसम आयोजन के लिए अनुकूल है।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि इस कार्निवाल के माध्यम से कुमाऊंनी संस्कृति को देशभर में पहचान मिल रही है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के ‘आओ घाम तापो’ अभियान से जुड़ा हुआ बताया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में परमिश वर्मा के मुख्य शो के दौरान स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई, जब बड़ी संख्या में युवा दर्शक बैरिकेडिंग तोड़कर मंच के समीप पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख खुद परमिश वर्मा ने मंच से शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद सीओ और एडीएम विवेक राय की मौजूदगी में प्रशासन ने हालात पर काबू पाया और कार्यक्रम को सुरक्षित रूप से संपन्न कराया।
