हल्द्वानी। साइबर ठगों ने एक वरिष्ठ नागरिक के खाते से 22.93 लाख रुपये उड़ा लिए। जज फार्म निवासी उमेश का आरोप है कि उन्हें अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर आरटीओ चालान के नाम से एपीके फाइल भेजी गई। फाइल खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी गई।

उमेश ने बताया कि उनका बचत खाता एचडीएफसी बैंक, बरेली रोड शाखा में है। 14 दिसंबर को उनके मोबाइल पर ड्रीम 11 के ओटीपी और मैसेज आए। 12 से 14 दिसंबर के बीच उनके एफडी की 21 लाख रुपये समेत कुल 22.93 लाख रुपये साइबर ठगों ने ट्रांसफर करवा दिए। घटना के बाद उन्होंने तुरंत बैंक के कस्टमर केयर पर कॉल कर खाता लॉक कराया।
जांच में सामने आया कि 9 दिसंबर को उनके व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से आरटीओ चालान के नाम से एपीके फाइल भेजी गई थी। इसी के माध्यम से मोबाइल हैक हुआ।
मेल आईडी से भी की गई छेड़छाड़:
ठगों ने पीड़ित के बैंक में रजिस्टर्ड मेल आईडी को बदलकर umesh87002@gmail.com से shap76487@gmail.com कर दिया। इसके बाद पैसे अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।
साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों को अनजान लिंक या एपीके फाइल खोलने से सतर्क रहने और बैंक सुरक्षा उपाय अपनाने की चेतावनी दी है।
