उत्तराखंड के यात्रियों के लिए एक और खुशखबरी सामने आई है। रेलवे प्रशासन जल्द ही काठगोदाम से दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने जा रहा है। इस रूट पर संचालन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। यह ट्रेन पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी।

गौरतलब है कि वर्तमान में उत्तराखंड में दो वंदे भारत ट्रेनें पहले से चल रही हैं — देहरादून से आनंद विहार (दिल्ली) और देहरादून से लखनऊ के बीच। नई वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यात्रियों को एक और तेज़ और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
सूत्रों के अनुसार, यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। हालांकि काठगोदाम स्टेशन की सिंगल पिटलाइन फिलहाल एक चुनौती बनी हुई है, क्योंकि यहां पहले से ही कई ट्रेनों की मेंटेनेंस होती है। इसलिए रेलवे इस ट्रेन की मेंटेनेंस दिल्ली में करने की योजना बना रहा है।
रेलवे ने काठगोदाम से रामपुर (चरमवुआ) तक करीब 90 किलोमीटर लंबा नया ट्रैक सेक्शन तैयार किया है, जो सेमी हाई-स्पीड ट्रेनों के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस ट्रैक पर पुराने 20–30 मीटर स्लीपर हटाकर 200–250 मीटर लंबे आधुनिक स्लीपर बिछाए गए हैं। पटरियों को मजबूत फेंसिंग और सुरक्षा मानकों के साथ तैयार किया गया है, जिससे ट्रेन 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सुरक्षित रूप से चल सकेगी।
इज्जतनगर मंडल के सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि काठगोदाम–दिल्ली वंदे भारत समेत 11 जोड़ी नई ट्रेनों के प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजे गए हैं। इनमें शामिल प्रमुख ट्रेनें हैं —
काठगोदाम–नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
रामनगर–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस
लालकुआं–द्वारका ट्रेन
इज्जतनगर–चंडीगढ़ वंदे भारत
इज्जतनगर–माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस
रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद उत्तराखंड के यात्रियों को इन नई और आधुनिक ट्रेनों की सुविधा जल्द मिल सकेगी।