रुद्रपुर। उधमसिंहनगर जिले में नशे की लत युवाओं की जिंदगी ही नहीं, परिवारों की खुशियां भी निगल रही है। हालात ऐसे हैं कि कई माता-पिता अपने ही बेटों से तंग आकर उन्हें संपत्ति से बेदखल करने पर मजबूर हो गए हैं। यह सिलसिला अब परिवार दर परिवार फैलता जा रहा है।

जिले में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। युवा स्मैक, गांजा और इंजेक्शन जैसे घातक नशों के शिकार हो रहे हैं। ट्रांजिट कैंप निवासी सुषमा हलदार ने बताया कि पति की मौत के बाद उन्होंने कड़ी मेहनत से बेटे को पाला, लेकिन वह स्मैक का आदी हो गया। रुपये न देने पर वह मारपीट करता और चोरी करने लगा। दो बार पुलिस उसे जेल भेज चुकी है। अंततः, मजबूर होकर सुषमा ने बेटे को अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया।
ऐसे कई दर्दनाक मामले अब आम हो चुके हैं—
केस 1: शास्त्रीनगर निवासी नन्हे ने अपने बेटे ओम को बेदखल किया। उनका कहना है कि शादी के बाद बेटा नशे में डूब गया और घर में कलह मचाने लगा।
केस 2: शिवनगर निवासी प्रेमवती प्रसाद ने अक्टूबर में बेटे सोनू को संपत्ति से बेदखल किया। वह इंजेक्शन का नशा करता था और घर में झगड़े करता था।
केस 3: रंपुरा निवासी रोशन कोली ने अपने इकलौते बेटे रोहन को बेदखल कर दिया क्योंकि वह नशे की लत में चोरी करने लगा था।
केस 4: जगतपुरा के केशव मौर्य ने अपने बेटे को घर से निकाल दिया। उन्होंने बताया कि बेटा दिनभर बाहर आपराधिक घटनाओं में शामिल रहता और रात में नशे में धुत होकर घर लौटता है।
मनोवैज्ञानिकों की राय:
सुशीला तिवारी अस्पताल के वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डॉ. युवराज पंत के अनुसार, बच्चों को संपत्ति से बेदखल करना समाधान नहीं है। नशा एक मानसिक बीमारी है, जिसका इलाज संभव है। परिवार को बच्चों को भावनात्मक सहयोग देकर और इलाज कराकर उन्हें नशे से बाहर लाने की कोशिश करनी चाहिए।
नशे की आपूर्ति में उधमसिंहनगर आगे:
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2025 में उधमसिंहनगर जिले में सबसे ज्यादा नशा पकड़ा गया है। पुलिस ने अब तक पांच किलो से अधिक स्मैक, 28 किलो चरस, 716 किलो गांजा, 6539 नशे की गोलियां और कैप्सूल, तथा 580 इंजेक्शन बरामद किए हैं। जबकि कुमाऊं के अन्य जिलों में मात्र दो किलो स्मैक जब्त हुई।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा, “नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। यूपी से आने वाले नशे को कुमाऊं में फैलने से पहले ही रोका जा रहा है। सख्त निगरानी के चलते ही जिले में नशे की इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई है।”
