सऊदी अरब के जेद्दाह में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई गोलीबारी में झारखंड के गिरिडीह जिले के रहने वाले 27 वर्षीय इंजीनियर विजय कुमार महतो की मौत हो गई। विजय ह्युंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे और पिछले एक वर्ष से वहां ट्रांसमिशन लाइन प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे।

यह घटना 15 अक्टूबर की रात की है, जब विजय अपने वर्कसाइट के पास टहल रहे थे। तभी पुलिस और स्थानीय एक्सटॉर्शन गैंग के बीच फायरिंग शुरू हो गई और विजय गलती से गोली की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल विजय ने पत्नी को वॉइस नोट भेजकर बताया कि उन्हें गोली लगी है और मदद की गुहार लगाई, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विजय झारखंड के डुमरी प्रखंड के दुधापानिया गांव के निवासी थे। परिवार को उनकी मौत की खबर 24 अक्टूबर को मिली। उनके परिवार में पत्नी, माता-पिता और दो छोटे बेटे हैं — जिनकी उम्र 5 और 3 वर्ष है।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, यह घटना जेद्दाह में हुई थी और फिलहाल विजय का शव मक्का के जुमुम स्थित पब्लिक प्रॉसिक्यूशन ऑफिस की कस्टडी में है। जांच पूरी होने और पुलिस क्लियरेंस मिलने के बाद ही शव भारत लाया जा सकेगा।
झारखंड श्रम विभाग की प्रवासी नियंत्रण सेल प्रमुख शिखा लक्रा ने बताया कि 31 अक्टूबर से शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
वहीं, परिवार का कहना है कि जब तक कंपनी उन्हें उचित मुआवजा देने पर सहमति नहीं देती, वे शव की औपचारिकताएं पूरी नहीं करेंगे। परिजनों ने केंद्र और राज्य सरकार से मामले में हस्तक्षेप और न्याय की मांग की है।