उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 30 अक्तूबर को बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। ये सभाएं मोतिहारी जिले के कल्याणपुर और हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होंगी।

भाजपा नेतृत्व ने बिहार चुनाव में प्रचार की जिम्मेदारी जिन प्रमुख नेताओं को सौंपी है, उनमें सीएम धामी भी शामिल हैं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जैसे ऐतिहासिक फैसलों से चर्चा में रहे मुख्यमंत्री धामी इससे पहले भी गोरियाकोठी, वारसलीगंज और सिवान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर चुके हैं।
भाजपा के कार्यक्रम विभाग संयोजक सुशील चौधरी के अनुसार, सीएम धामी सुबह 11:15 बजे पटना हवाई अड्डे से निजी विमान द्वारा कल्याणपुर के लिए रवाना होंगे। वे दोपहर 12:05 बजे महात्मा गांधी मिडिल स्कूल ग्राउंड, कल्याणपुर में पहली जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 1:55 बजे हरसिद्धि के महावीर रामेश्वर इंटर कॉलेज, सोनवर्षा में दूसरी जनसभा को संबोधित करेंगे।
