सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने नगर निगम व सिंचाई विभाग की टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों—फुलसुंगा, फुलसुंगी, कल्याणी नदी और जगतपुरा का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और सुरक्षा इंतजाम पूरी तत्परता के साथ किए जाएं।
मेयर विकास शर्मा ने खुद नगर निगम की टीम और पूर्वांचल समाज के सदस्यों के साथ घाटों पर श्रमदान करते हुए सफाई अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि हमारे पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने बताया कि छठ पूजा नदियों, सूर्य और पर्यावरण के संरक्षण का प्रतीक है, इसलिए नगर निगम इस दिशा में पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान कोई असुविधा न हो।


