काशीपुर। यात्रियों की सुविधा को लेकर काशीपुर रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट लगाने का कार्य अब अंतिम दौर में है। ओवरब्रिज के दोनों ओर लिफ्टें स्थापित की जा रही हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियां चढ़ने से राहत मिलेगी।

स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसके तहत पुराने भवनों को तोड़कर नए कक्षों का निर्माण, प्लेटफार्म का उच्चीकरण, आधुनिक शौचालय और नए प्रवेश व निकास द्वारों का निर्माण शामिल है।
अभी तक यात्री एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कई यात्री जल्दबाजी में ट्रैक पार करते हैं, जिससे हादसे हो जाते हैं। इन घटनाओं को रोकने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से लिफ्ट स्थापना की योजना शुरू की गई थी।
स्टेशन अधीक्षक रवि शंकर सिंह ने बताया कि लिफ्ट का काम लगभग पूरा हो गया है और इसे जल्द ही यात्रियों के उपयोग के लिए शुरू किया जाएगा। इसके शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन पर आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।
