काशीपुर। शहर में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों के बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने एक मॉल के स्पा सेंटर पर छापा मारकर दूसरे प्रदेश की तीन युवतियों को रेस्क्यू किया। मौके पर गंभीर अनियमितताएं और आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने पर स्पा सेंटर को सील कर दिया गया।

जिला एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग प्रभारी बसंती आर्य ने बताया कि क्षेत्र के स्पा व कैफे सेंटरों में अवैध गतिविधियों की सूचना लगातार मिल रही थी। इस पर टीम ने एसएसआई अनिल जोशी और पुलिस बल के साथ प्रिया मॉल स्थित स्पा सेंटरों की जांच की।
जांच में “कूल स्पा सेंटर” में ग्राहक रजिस्टर, पुलिस सत्यापन, ग्राहक पहचान पत्र, लाइसेंस और थैरेपिस्ट प्रमाणपत्र जैसे जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। वहीं, सेंटर से तीन युवतियां दूसरे प्रदेश की मिलीं, जिन्हें टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।
मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। जानकारी पर पहुंचे कानूनगो अरुण कुमार ने परगना मजिस्ट्रेट के आदेश पर स्पा सेंटर को सील कर दिया।
प्रभारी बसंती आर्य ने बताया कि स्पा सेंटर के संचालक के खिलाफ थाना काशीपुर में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
