देहरादून: परेड ग्राउंड में स्रोत महोत्सव 2025 का रंगारंग आगाज हो गया है। यह सांस्कृतिक महोत्सव 7 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें देशभर के 100 से अधिक कारीगर, कलाकार और स्वयं सहायता समूह अपनी प्रतिभा और शिल्पकला का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव का उद्घाटन प्रसिद्ध अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

उद्घाटन समारोह में पंकज त्रिपाठी ने जनता से प्रधानमंत्री मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की आवश्यकता है कि हाथ से बनी वस्तुओं को अपनाया जाए और मशीनों से निर्मित उत्पादों की बजाय हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जाए। इसका सीधा लाभ कारीगरों के कौशल और स्थानीय शिल्प को मिलेगा।
उद्घाटन के बाद जौनसारी गीतों ने श्रोताओं का मन मोह लिया, जबकि राजस्थान के लोक संगीत उस्ताद पद्मश्री अनवर खान की प्रस्तुति महोत्सव की मुख्य आकर्षण रही।
तारा जोशी फाउंडेशन की सचिव किरन जोशी ने बताया कि पूरे सप्ताह में लोग लोक और फ्यूजन संगीत, जैसे रूहान भारद्वाज, विक्की चौहान और भक्त चरण सिंह चौधरी की प्रस्तुति का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा युवाओं और विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, वैदिक गणित और ओपन माइक पोएट्री जैसी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
महोत्सव में हथकरघा, जनजातीय शिल्प, आभूषण, मिट्टी के बर्तन और गृह सज्जा के सामान का भव्य प्रदर्शन भी किया जाएगा। उत्सव के माहौल को और जीवंत बनाने के लिए गरबा और डांडिया नाइट्स का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव का भव्य समापन 13 अक्टूबर को होगा, जिसमें गीता धामी महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार साझा करेंगी। इसके साथ ही देशभर से आए कारीगरों और पैनलिस्टों का सम्मान भी किया जाएगा।
