अमेरिका की राजनीति में नफ़रत और कट्टरता लगातार बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में डोनाल्ड ट्रंप के MAGA कैंपेन की कट्टर समर्थक और रिपब्लिकन पार्टी की पूर्व उम्मीदवार वैलेंटीना गोमेज ने ऐसा कदम उठाया है, जिससे पूरी दुनिया में गुस्सा भड़क सकता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में गोमेज़ मुसलमानों की पवित्र किताब कुरान को जलाते हुए नज़र आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने लिखा – “मैं टेक्सास से इस्लाम का खात्मा कर दूंगी। हे ईश्वर, मेरी मदद करो।”
मुसलमानों को अमेरिका छोड़ने की नसीहत
वीडियो में गोमेज़ ने मुसलमानों पर गंभीर आरोप लगाए कि वे “ईसाई देशों पर कब्ज़ा करने के लिए बलात्कार और हत्या करते हैं।” इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि मुसलमानों को अमेरिका छोड़कर “57 मुस्लिम देशों” में चले जाना चाहिए। उनका दावा है कि अगर वह कांग्रेस तक पहुँचीं तो अमेरिका से इस्लामी प्रभाव हमेशा के लिए मिटा देंगी।
पहले भी कर चुकी हैं भड़काऊ हरकतें
गोमेज़ का मुस्लिम विरोधी रवैया नया नहीं है। इसी साल मई में उन्होंने टेक्सास स्टेट कैपिटल में आयोजित एक मुस्लिम रैली को बाधित किया था। उस समय वह मंच पर चढ़ गईं, आयोजकों से माइक छीना और आक्रामक भाषण दिया। तब भी उन्होंने कहा था – “टेक्सास में इस्लाम की कोई जगह नहीं है।”
अंतरराष्ट्रीय विवाद की आशंका
विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि कुरान जलाने जैसी घटनाएँ वैश्विक स्तर पर धार्मिक तनाव को भड़का सकती हैं। यह मामला मुस्लिम देशों में बड़े विरोध और हिंसक प्रतिक्रिया को जन्म दे सकता है।
हालांकि, अब तक किसी भी मुस्लिम देश की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा बड़ा अंतरराष्ट्रीय विवाद बन सकता है।
