योग गुरु स्वामी रामदेव ने शुक्रवार (15 अगस्त 2025) को बयान दिया कि भारत अब अमेरिका की राजनीतिक और आर्थिक गुंडागर्दी को खत्म करने की राह पर है। उन्होंने कहा कि भारत, रूस, चीन, यूरोप और मध्य एशिया के कुछ देशों के साथ मिलकर एक नया विश्व गठबंधन बना रहा है, जो आने वाले समय में वैश्विक व्यवस्था को बदल देगा।

रामदेव ने कहा कि भारत ने अब झुकने के बजाय मजबूती से खड़े होने का निर्णय लिया है। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि “भारत की अर्थव्यवस्था मृत नहीं है, बल्कि तेजी से प्रगति कर रही है।”
इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 300 साल पहले भारत की अर्थव्यवस्था 400-500 ट्रिलियन डॉलर की थी, जिसे मुगलों और अंग्रेजों ने लूटा। फिर भी भारत आज मजबूती से खड़ा है। उन्होंने स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत पर जोर देते हुए कहा कि हमें अपने उत्पादों को बढ़ावा देना चाहिए।
रामदेव ने यह भी कहा कि अगर रूस, चीन, भारत और यूरोप-मध्य एशिया के देश एकजुट हो गए तो अमेरिका और ट्रंप की साम्राज्यवादी सोच का अंत हो जाएगा।
पाकिस्तान पर हमला
पाकिस्तान की परमाणु धमकी पर उन्होंने तंज कसा और कहा कि पाकिस्तान जिन परमाणु हथियारों की धमकी देता है, वे उसके अपने नहीं हैं बल्कि दूसरे देशों के नियंत्रण में हैं। रामदेव ने दावा किया कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया और उसकी परमाणु धमकी सिर्फ एक दिखावा साबित हुई।
