उत्तर प्रदेश के महराजगंज में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की शिक्षकों के साथ ज़ूम ऐप पर चल रही बैठक के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। 7 अगस्त को आयोजित इस ई-मीटिंग का उद्देश्य सरकारी स्कूलों की समस्याएं सुनना और शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर चर्चा करना था, लेकिन बीच में ही स्क्रीन पर अश्लील वीडियो चलने लगा।

बैठक में DM के अलावा बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और आम लोग भी जुड़े थे। जनता से संवाद के लिए जिला सूचना अधिकारी ने मीटिंग का लिंक विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुपों में साझा किया था। इसी का फायदा उठाकर दो अज्ञात लोग मीटिंग में घुस गए और आपत्तिजनक वीडियो चलाने के साथ अपमानजनक टिप्पणियां भी करने लगे।
अचानक हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई और अधिकारी तुरंत मीटिंग छोड़कर चले गए। DM ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए।
9 अगस्त को बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पांडेय के निर्देश पर दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। सदर कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि साइबर थाने की मदद से तकनीकी तरीकों से आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने इस घटना को गंभीर साइबर अपराध मानते हुए सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
