देहरादून। खेल मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने डालनवाला थाने में जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं धरने पर डटी रहीं। देर रात पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी धरने को समर्थन देने पहुंचे। एसपी सिटी के हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त हुआ।

दिन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले गई, जहां उन्हें बाद में छोड़ दिया गया। इसके बावजूद महिला कार्यकर्ता दोबारा थाने पहुंच गईं और एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़ी रहीं। शाम से रात तक महिलाएं थाने पर डटी रहीं।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि सार्वजनिक मंच से दिए गए कथित अपमानजनक बयान की कांग्रेस कड़ी निंदा करती है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर 2 जनवरी को डालनवाला थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। रौतेला ने स्पष्ट किया कि जब तक कानूनी कार्रवाई नहीं होती, महिला कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी।
रात में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने स्वयं थाने पहुंचकर प्रदर्शन कर रही महिलाओं से मुलाकात की और उनका मांगपत्र लिया। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
डालनवाला थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुंवर ने बताया कि कांग्रेस नेताओं की ओर से पहले ही प्रार्थनापत्र दिया गया था। चूंकि मामला अल्मोड़ा जनपद से संबंधित है, इसलिए इसे वहां भेजा गया। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान तीन बार महिलाओं को पुलिस लाइन भेजा, लेकिन हर बार वे पुनः थाने आकर धरने पर डटी रहीं।
