खटीमा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की बदौलत हमें अलग राज्य मिला है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनके सपनों को साकार करते हुए समृद्ध और विकसित उत्तराखंड का निर्माण करें।

रविवार को राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर खटीमा स्थित शहीद स्मारक स्थल पर यशपाल आर्य ने राज्य आंदोलन में शहादत देने वाले वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि भले ही हम रजत जयंती मना रहे हैं, लेकिन राज्य आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। रोजगार की कमी से पहाड़ों से पलायन जारी है, स्वास्थ्य सेवाएं कमजोर हैं और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम के बाद नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने लोनिवि अतिथि गृह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों और जनता की समस्याओं पर चर्चा की गई।
इस मौके पर डॉ. गणेश उपाध्याय, रेखा सोनकर, उमेश राठौर, हरीश दुबे, नवतेज पाल, इंद्रपाल आर्य, नरेंद्र आर्या और कृष्णा नेगी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।