हरिद्वार: जनपद के पथरी थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच तेज कर दी है।

परिजनों के अनुसार, किशोरी देर रात करीब एक बजे अचानक घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद संदेह गांव के एक युवक पर गया, जिस पर आरोप है कि वह किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी किशोरी से घर में रखी लगभग 20 हजार रुपये की नकदी और चांदी के जेवर भी साथ ले गया।
घटना की जानकारी मिलते ही फेरुपुर पुलिस चौकी को सूचित किया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। आरोपी के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
लक्सर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं पथरी थाना प्रभारी ने कहा कि किशोरी की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
परिवार ने नाबालिग की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
