कोतवाली पुलिस ने हेली टिकट बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन युवकों ने गुजरात के सूरत निवासी सूर्यप्रकाश मिश्रा से 1.92 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।

पीड़ित ने 7 जुलाई को थाना गुप्तकाशी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर हेली कंपनी की एक साइट देखने के बाद व्हाट्सएप चैटिंग के जरिए 32 टिकटों की डील तय हुई। आरोपियों ने बैंक खाता नंबर भेजकर 1,91,812 रुपये मंगवाए, लेकिन पैसे लेने के बाद न टिकट दी और न कॉल रिसीव किया।
एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि पुलिस ने दो माह की जांच के बाद आरोपियों के 18 बैंक खाते और मोबाइल फोन बरामद किए। मास्टरमाइंड आकर्षण गुप्ता (18) को बिहार के नवादा से जबकि अनंत कुमार सिंह (25), सौभाग्य शेखर महतो (26) और दौलागोबिंदा को ओडिशा के मयूरगंज से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार आकर्षण ही पीड़ित से सीधे संपर्क में था और व्हाट्सएप व टेलीग्राम का इस्तेमाल कर ठगी को अंजाम देता था। रकम मिलते ही उसने साथियों को मामूली हिस्सा देकर बाकी पैसे अपने पास रख लिए। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
