काशीपुर। काशीपुर के एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान अधिक रक्तस्राव से महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जबकि अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया और इसे सील कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यूपी के रामपुर जिले के ग्राम बढ़ेपुर मजरापुरी निवासी सरनजीत की पत्नी रेनू (32) गर्भवती थीं। बृहस्पतिवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां महिला डॉक्टर ने अन्य अस्पताल जाने की सलाह दी।
इस दौरान अस्पताल परिसर में एक आशा कार्यकर्ता मिली, जिसने परिजनों को बताया कि रेनू को अलीगंज रोड स्थित वरदान निजी अस्पताल में भर्ती करवा सकती है। इसके बाद परिजन दोपहर लगभग तीन बजे रेनू को वरदान अस्पताल में भर्ती करवा देते हैं। घटना के बाद अस्पताल का प्रबंधन और स्टाफ गायब हो गया, जिस पर स्वास्थ्य विभाग ने अभिलेखों की जांच कर अस्पताल को सील कर दिया।
