राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय नैनीताल जनपद दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में सभी अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति 3 नवंबर को हल्द्वानी स्थित आर्मी हेलीपैड पर पहुंचेंगी, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से नैनीताल राजभवन के लिए रवाना होंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी। 4 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मू कैंची धाम मंदिर में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन करेंगी और इसके बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होकर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सभी विभागों को आवश्यक दायित्व सौंप दिए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और समन्वय बनाकर कार्य किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने और नगर पालिका को सफाई व लाइटिंग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लोक निर्माण विभाग और नेशनल हाईवे प्राधिकरण को राष्ट्रपति के रूट पर किसी भी बाधा या अव्यवस्था को दूर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्यक्रम स्थलों पर एम्बुलेंस, चिकित्सक दल और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती करने को कहा गया है। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खान-पान की गुणवत्ता पर नजर रखने और भारत दूरसंचार विभाग को बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा राज्य के लिए सम्मान की बात है और प्रशासन का उद्देश्य है कि यह भ्रमण पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बने।
