नैनीताल: होली पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने जिलेभर में कड़े सुरक्षा प्रबंध लागू कर दिए हैं। मस्ती के नाम पर जबरन रंग लगाने, राहगीरों से अभद्रता करने और सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए। नशे में उत्पात मचाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी और “नो वर्क, नो पे” नीति लागू की जाएगी।
कोतवाली सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में होली के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जगह-जगह पिकेट लगाए गए हैं, मोबाइल और पैदल गश्त बढ़ाई गई है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि होली को प्रेम, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन से दूर रहें, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
