किच्छा स्थित वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह के कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल किया है और यह कार्यकाल “चार साल बेमिसाल” के रूप में जाना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। समान नागरिक संहिता (UCC) और नकल विरोधी कानून जैसे कड़े कदमों ने प्रदेश में पारदर्शिता और सुशासन को मजबूती दी है।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि “लखपति दीदी योजना” के तहत करीब ढाई लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। वहीं युवाओं को रोजगार देने के लिए विभिन्न स्वरोजगार और प्रधानमंत्री रोजगार योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में योग नीति लागू कर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया गया है, साथ ही अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में भूमि को मुक्त कराया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में “अटल आयुष्मान योजना” के तहत आम जनता को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है, जिससे लोगों को आर्थिक रूप से बड़ी राहत मिली है। इसके अलावा शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन 3000 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये की गई है।
उन्होंने बताया कि “युवा आपदा मित्र योजना” के तहत 20 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है, जिससे आपदा प्रबंधन को मजबूती मिली है। वहीं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 33 हजार से अधिक लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई है।
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित, विकास और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और आने वाले समय में भी प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।