रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर उप जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा में एक-एक डॉक्टर की तैनाती का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। लंबे समय से दोनों अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी महसूस की जा रही थी।

मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के अनुसार, 10 जून को स्वास्थ्य महानिदेशालय ने राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैजरो (पौड़ी गढ़वाल) में तैनात डॉ. अजीत प्रताप सिंह का स्थानांतरण एलडी भट्ट उप जिला अस्पताल, काशीपुर में किया था। वहीं, पीएचसी धनियाखाल, पौड़ी गढ़वाल के डॉ. महेंद्र सिंह को सीएचसी किच्छा भेजा गया था।
कार्यमुक्ति में देरी के कारण दोनों डॉक्टर अब तक नए कार्यस्थलों पर नहीं पहुंच पाए थे, लेकिन 17 अक्तूबर को दोनों को कार्यमुक्त कर दिया गया है। अब जल्द ही वे काशीपुर और किच्छा में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने कहा कि—
“जिले में लगातार डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है। काशीपुर और किच्छा अस्पतालों में नए डॉक्टरों की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।”
