मसूरी/नैनीताल। नववर्ष के आगमन पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी और नैनीताल पूरी तरह जश्न के माहौल में नजर आए। 31 दिसंबर की रात से लेकर नए साल के पहले दिन तक देश-विदेश से पहुंचे हजारों पर्यटकों ने कड़ाके की ठंड के बावजूद उत्साह और उमंग के साथ नववर्ष का स्वागत किया। मसूरी के माल रोड, केम्पटी फॉल, गनहिल और लाइब्रेरी क्षेत्र में देर रात तक चहल-पहल बनी रही, जबकि सरोवर नगरी नैनीताल में भी नए साल की रौनक देखने को मिली।

नववर्ष के अवसर पर मसूरी के अधिकांश होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे फुल रहे। हालांकि सोशल मीडिया पर जाम और भीड़ की खबरों के कारण कुछ बुकिंग रद्द हुईं, फिर भी पर्यटन कारोबार संतोषजनक रहा। पर्यटकों के स्वागत के लिए होटलों और रेस्टोरेंटों में विशेष पैकेज, लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट और पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की व्यवस्था की गई, जिसका सैलानियों ने खूब आनंद लिया।
शांतिपूर्ण और सुरक्षित नववर्ष आयोजन के लिए मसूरी पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज असवाल के नेतृत्व में माल रोड समेत प्रमुख इलाकों में मार्च पास्ट किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3 इंस्पेक्टर, 26 सब-इंस्पेक्टर, 60 कांस्टेबल और पीएसी की दो बटालियन तैनात की गईं। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ सख्ती बरती गई और कई लोगों के चालान काटे गए।

एसडीएम मसूरी राहुल आनंद और पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और यादगार अनुभव देना रही। कड़ी सुरक्षा, आकर्षक सजावट, ठंडी हवाओं के बीच पहाड़ी व्यंजनों की खुशबू और रंगीन बाजारों ने मसूरी के नववर्ष जश्न को खास बना दिया। वहीं, रमाडा होटल के महाप्रबंधक हर्षमणि सेमवाल ने कहा कि प्रशासन के सहयोग से नववर्ष का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
उधर, सरोवर नगरी नैनीताल और विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क क्षेत्र में भी नए साल का जश्न पूरे जोश के साथ मनाया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने जंगल सफारी, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों के बीच नए वर्ष का स्वागत किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया और प्लास्टिक मुक्त नए साल का संदेश दिया गया।

नैनीताल शहर के प्रमुख होटल—शेरवानी लॉज, विक्रम विंटेज, नैनी रिट्रीट और नमः रेडिएशन—में डीजे और लाइव म्यूजिक की धूम रही। कुमाऊंनी नृत्य, कठपुतली नृत्य, कपल डांस और बॉलीवुड गीतों पर देर रात तक सैलानी झूमते रहे। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से मॉल रोड पर संगीत के साथ-साथ ठंड से बचाव के लिए गैस हीटर की व्यवस्था भी की गई।
कुल मिलाकर, मसूरी और नैनीताल में नववर्ष का जश्न उत्साह, उमंग और सकारात्मक संदेशों के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
