एफएनएन, उत्तर प्रदेश: पत्नी और ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान औरैया के इंजीनियर मोहित ने इटावा के एक होटल में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जान देने से पहले उसने एक वीडियो भी वायरल किया था। इसमें उनसे पत्नी व ससुरालीजनों पर आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने की आरोप लगाए हैं। अब मोहित और उनकी पत्नी की कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई हैं।
पत्नी और उसके मायके वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर इटावा के होटल में जान देने वाले इंजीनियर मोहित के मोबाइल से एक मिनट की कॉल रिकॉर्डिंग मिली है। इसमें मोहित की पत्नी प्रिया (नेहा) से बातचीत हो रही है।
प्रिया कह रही है कि मोहित तुम सो जाओ, मैंने अपने पास मौजूद सभी दवाइयां खा ली हैं। इसका अंजाम तुम्हें सुबह देखने को मिलेगा। मोहित भी पत्नी द्वारा तलाक मांगने का जिक्र करता है। बताया जा रहा है कि मोहित और प्रिया के बीच यह बातचीत शुक्रवार को हुई थी।
\’मेरे पास जितनी दवाइयां थीं वह सारी खा ली हैं…\’
इस पर मोहित कहता है कि सुबह क्या हो जाएगा। फिर पत्नी कहती है मुझे भी नहीं पता मोहित, अब क्या होगा। इस पर मोहित कहता है कि यार तुम्हें कभी तलाक चाहिए, कभी लखनऊ शिफ्ट होना है। इस पर पत्नी कहती है मोहित प्लीज मुझे नहीं पता, मेरे पास जितनी दवाइयां थीं वह सारी खा ली हैं। फिर मोहित कहता है कि अब मैं क्या करूं? तो पत्नी कहती है कि कुछ मत करो, तुम्हारी कसम मैंने सारी दवाइयां खा लीं हैं। इस पर मोहित उसे उल्टी करने के लिए कहता है। इसी बीच कॉल कट जाती है।
