देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित आईटीबीपी स्टेडियम, सीमा द्वार में सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय माल्टा महोत्सव में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए किसानों से संवाद किया और उत्तराखंड के माल्टा व नींबू उत्पादों का स्वाद भी लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में माल्टा उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार माल्टा मिशन शुरू करने जा रही है। इस मिशन के माध्यम से माल्टा के उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय फलों को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
सीएम धामी ने बताया कि सरकार माल्टा के साथ-साथ कीवी, सेब, आड़ू, प्लम, नींबू वर्ग के फल और अन्य स्थानीय फलों के उत्पादन को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से किसानों को सीधे बाजार और उपभोक्ताओं से जोड़ने का अवसर मिलता है, जिससे उन्हें अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त होता है।
मुख्यमंत्री ने माल्टा महोत्सव को राज्य में कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल बताते हुए आयोजकों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
