रुद्रपुर/जसपुर: शिक्षा विभाग ने अनुशासनहीनता के गंभीर आरोपों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय सूतमिल, जसपुर में तैनात सहायक अध्यापक अमित कुमार त्यागी को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

आरोप है कि शिक्षक नशे की हालत में बीईओ कार्यालय पहुंचे और मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदलने की कोशिश की। साथ ही कार्यालय परिसर में प्रवेश कर अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया। घटना की सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) हरेंद्र कुमार मिश्रा ने जांच के निर्देश दिए थे।
जांच में सामने आया कि शिक्षक पर विद्यालय समय में अनुपस्थित रहकर फर्जी उपस्थिति दर्ज कराने, कार्यालय समय के बाद उप शिक्षा अधिकारी जसपुर कार्यालय में अनधिकृत रूप से उपस्थित रहने, अपने कृत्यों को छिपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ करने तथा सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने के आरोप हैं।
निलंबन अवधि के दौरान संबंधित शिक्षक को उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय सितारगंज से संबद्ध किया गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अनुशासन और मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
