मसूरी: उत्तराखंड के मसूरी में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जवान दो माह पूर्व ही पिथौरागढ़ से मसूरी में ड्यूटी के लिए तैनात हुआ था। घटना से सुरक्षा बलों में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूनिट 14 पिथौरागढ़ में नियुक्त कांस्टेबल चेतराम मीणा (38), पुत्र राम फल मीणा, निवासी ग्राम भौबता, पोस्ट बसवा, जिला दौसा (राजस्थान) ने अपने कमरे की खिड़की के कुंडे में नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को नीचे उतारकर अस्पताल भिजवाया।
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले जुलाई 2025 में पिथौरागढ़ में भी एक जवान द्वारा आत्महत्या के प्रयास का मामला सामने आया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
