हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई गांव में हुई एक अनोखी शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय है। 12 जुलाई को हट्टी जनजाति के दो सगे भाई—प्रदीप नेगी और कपिल नेगी—ने एक ही महिला से विवाह किया। यह शादी जनजाति की सदियों पुरानी बहुपतित्व परंपरा के तहत हुई, जिसमें एक पत्नी के कई पति होते हैं। हालांकि यह रिवाज अब लगभग खत्म हो चुका है, लेकिन दोनों भाइयों ने इसे अपनाकर फिर से चर्चा में ला दिया।

तीनों की सहमति से हुआ विवाह
प्रदीप और कपिल का कहना है कि यह शादी उनकी और उनकी पत्नी की पूरी सहमति से हुई है। उन पर न तो परिवार और न ही समाज का कोई दबाव था। प्रदीप ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि यह परंपरा उनके समुदाय में पीढ़ियों से चली आ रही है और पहले भी ऐसे विवाह होते रहे हैं।
अन्य राज्यों में भी है यह प्रथा
दोनों भाइयों ने बताया कि बहुपतित्व की यह परंपरा सिर्फ हिमाचल तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र में भी मौजूद है। हिमाचल में ऐसे विवाह कम देखने को मिलते हैं, लेकिन यह कानूनी रूप से मान्य हैं।
वायरल शादी और आलोचना
शादी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदीप और कपिल को आलोचना और अपशब्दों का सामना करना पड़ा। प्रदीप का कहना है, “हम अपनी जिंदगी में खुश हैं, फिर दूसरों को क्यों दिक्कत हो रही है?” उन्होंने अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि यह शादी मशहूर होने के लिए नहीं की गई, बल्कि अपनी संस्कृति को बचाने के लिए की गई है।
वायरल करने की योजना नहीं थी
कपिल ने कहा कि उन्होंने खुद शादी को सोशल मीडिया पर साझा नहीं किया था, किसी और ने पोस्ट किया और यह वायरल हो गई। उनका उद्देश्य बस जीवनभर एक-दूसरे के साथ प्रेम और सम्मान से रहना है।
