किच्छा। मुख्य बाजार में शुक्रवार को भाजपा किच्छा नगर मंडल और देवभूमि व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में ‘जीएसटी बचत उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने प्रतिभाग किया और हाल ही में घटाई गई जीएसटी दरों के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में किए गए आर्थिक सुधार वास्तव में ऐतिहासिक हैं। जीएसटी दरों में कटौती से आम उपभोक्ता, व्यापारी वर्ग और छोटे उद्यमियों को राहत मिलेगी। उपभोक्ता वस्तुओं के सस्ते होने से महंगाई नियंत्रित होगी और त्योहारी सीजन में बाजार में खरीदारी बढ़ेगी।

राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भी प्रशंसा की और कहा कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचा रही है, जिससे हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में व्यापारियों से अपील की गई कि वे ग्राहकों को घटाई गई दरों की पूरी जानकारी दें और स्थानीय व स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें, ताकि आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती मिल सके।

इस अवसर पर गोल्डी गोराया, विजय अरोड़ा, मनमोहन सक्सेना, नितिन फुटेला, अमन मदान, सुरेंद्र चौधरी समेत सैकड़ों व्यापारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने जीएसटी दरों में कटौती का स्वागत करते हुए इसे बाजार में नई ऊर्जा का संचार करने वाला कदम बताया।
