कुल्लू/मनाली: हिमाचल प्रदेश के पर्यटन नगर मनाली से एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव सिमसा क्षेत्र स्थित एक होम स्टे के कमरे से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोस्तों के साथ घूमने आए थे
पुलिस के मुताबिक, वीर सोरेन 22 फरवरी को अपने दो दोस्तों के साथ मनाली पहुंचे थे और सिमसा के एक होम स्टे में ठहरे हुए थे। 23 फरवरी को तीनों सोलंग और सेथन क्षेत्र घूमने गए थे और शाम को वापस लौट आए।
24 फरवरी को उनके दोस्त दोबारा घूमने निकले, लेकिन वीर सोरेन कमरे में ही रुके रहे। दोपहर करीब 12:30 बजे जब दोस्त लौटे तो वह सो रहे थे। जगाने पर उन्होंने सिर में तेज दर्द की शिकायत की। दोस्तों ने दवा उपलब्ध कराई, जिसके बाद वह दोबारा आराम करने लगे।
कमरे में गिरने की आवाज, अस्पताल में घोषित मृत
करीब दोपहर 2 बजे कमरे से गिरने की आवाज सुनाई दी। जब दोस्त अंदर पहुंचे तो वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरे हुए मिले। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। बताया गया कि अस्पताल ले जाते समय उनके मुंह से झाग निकल रहा था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने काफी देर तक उपचार और सीपीआर दिया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही चंपई सोरेन और परिवार के अन्य सदस्य मनाली पहुंच चुके हैं। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने आ सके।
