हरिद्वार। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी और उनकी बेटी जीवा दीपावली के अवसर पर हरिद्वार के प्रसिद्ध हर की पैड़ी पहुंचीं। यहां उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना की और गंगा सभा के पदाधिकारियों से हरिद्वार की धार्मिक और आध्यात्मिक महिमा के बारे में जानकारी ली।

साक्षी और जीवा ने हर की पैड़ी पर लगभग एक घंटे समय बिताया। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया और गंगा सभा के पदाधिकारियों से पर्यावरण और धार्मिक महत्व पर चर्चा की। गंगा सभा के पदाधिकारी तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि बेटी जीवा ने भी हरिद्वार के धार्मिक स्थलों और गंगा की महिमा के बारे में गहरी जिज्ञासा दिखाई।
साक्षी और जीवा को गंगा सभा की ओर से अर्धकुंभ 2027 में हरिद्वार आने का विशेष न्यौता भी दिया गया। पदाधिकारी ने कहा कि कुंभ, अर्धकुंभ या गंगा स्नान के समय हरिद्वार का नजारा अविस्मरणीय होता है और ऐसे अवसर पर आने वाले परिवार को और भी अनुभव प्राप्त होंगे।
पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के ल्वाली गांव से हैं। हालांकि उनका परिवार झारखंड में स्थायी रूप से बस गया है, लेकिन धोनी समय-समय पर उत्तराखंड आते रहते हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने साक्षी के साथ देहरादून में विवाह किया था और 2023 में अपने पैतृक गांव में परिवार के साथ पूजा-अर्चना की थी।


