देहरादून: बेसिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ कथित मारपीट की घटना ने शिक्षा विभाग में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी है। प्रदेशभर के शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी संगठनों ने दो दिवसीय कार्यबहिष्कार का ऐलान किया है। शिक्षा निदेशालय में आयोजित लंबी बैठक के बाद चेतावनी दी गई कि यदि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो 25 फरवरी से अन्य विभागों के कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल होंगे।

काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन
उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की रेसकोर्स स्थित शिक्षक भवन में हुई बैठक में घटना की निंदा की गई। शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताने और प्रशासन से सुरक्षा की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। संगठनों का कहना है कि जब विभाग के शीर्ष अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो सामान्य कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना स्वाभाविक है।
पुलिस कार्रवाई, चार हिरासत में
नूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुए विवाद के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। एक हिस्ट्रीशीटर ‘कल्ली’ की भूमिका की भी अलग से जांच की जा रही है।
बताया गया है कि विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ एक स्कूल का नाम परिवर्तन कराने के मुद्दे पर शिक्षा निदेशक से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और कथित मारपीट हुई। घटना के बाद कर्मचारियों ने निदेशालय परिसर और रायपुर थाने में प्रदर्शन किया। दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसएसपी देहरादून ने बताया कि शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
