चमोली: राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का गोपेश्वर में “सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26” के शुभारंभ के दौरान कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया। विरोध का कारण अंकिता भंडारी हत्याकांड, मनरेगा और अन्य स्थानीय मुद्दे बताए जा रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने गोपेश्वर डिग्री कॉलेज के गेट पर भाजपा काफिले का जमकर विरोध किया और नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया।
विरोध में शामिल लोगों का कहना था कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर है और भ्रष्टाचार बढ़ गया है। विशेष रूप से अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम का खुलासा न होने पर नाराजगी जताई गई। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया और किसी बड़े टकराव को रोका।
सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने का काम करती हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले उत्तरकाशी में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के काफिले का विरोध किया और काले झंडे दिखाए। प्रशासन और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति नियंत्रण में रखी और मंत्री का काफिला सुरक्षित रवाना हुआ।
