देहरादून: राजधानी देहरादून में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस (NSO) के वरिष्ठ अधिकारी संजय कुमार को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

मामला एक टैक्स अधिवक्ता की शिकायत से जुड़ा है। अधिवक्ता ने आरोप लगाया था कि उनके क्लाइंट बीएस इंडस्ट्रीज को Annual Survey of Industries (ASI) के तहत वार्षिक रिटर्न दाखिल करनी थी। यह प्रक्रिया सांख्यिकी विभाग के माध्यम से पूरी होती है। आरोप है कि संबंधित कार्य को निपटाने के बदले अधिकारी ने पांच हजार रुपये की अवैध मांग की।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए एक मोबाइल नंबर साझा कर यूपीआई के माध्यम से राशि भेजने को कहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई ने गोपनीय जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
सीबीआई ने सुनियोजित ट्रैप ऑपरेशन के तहत आरोपी को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।